PALI SIROHI ONLINE
मांडवला (जालोर)-मांडवला के निकट बिशनगढ़-जालोर सड़क मार्ग पर बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक कार और राजस्थान लोक परिवहन सेवा की बस के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में इंडिका कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह दुर्घटना पहाड़पुरा और तीखी गांव के बीच हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इंडिका कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, राजस्थान लोक परिवहन सेवा की बस के चालक की बाईं ओर का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के साथ ही आगे के शीशे टूट गए।
हादसे में कार चालक थानाराम सैन (75 वर्ष), पुत्र धर्माराम सैन, निवासी बालवाड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए। वे अपने गांव बालवाड़ा से जालोर की ओर जा रहे थे। कार में उनके अलावा कोई अन्य यात्री नहीं था। बस प्रतिदिन की तरह दोपहर तीन बजे जालोर से बालोतरा की ओर जा रही थी।घटना की सूचना मिलते ही बिशनगढ़ पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल यातायात को सुचारु कराया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर पुलिस थाना बिशनगढ़ भिजवाया।
इसी दौरान जालोर की ओर जा रहे राजस्थान सरकार के विधानसभा मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने भी अपना काफिला रुकवाकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
घायल कार चालक थानाराम सैन को तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालोर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गुजरात के पालनपुर स्थित अस्पताल में रेफर किया गया। फिलहाल, इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

