PALI SIROHI ONLINE
आबू रोड, सिरोही-रीको पुलिस ने आबू रोड में एक प्राइवेट बस से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी जब्त की है। जब्त किए गए जेवरात की कीमत करीब एक करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में एक यात्री को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर त्योहारों के मद्देनजर हवाला कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने मावल चौकी पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रैवल्स बस की जांच की।
सोना, चांदी और जीपीएस बरामद
तलाशी के दौरान बस में सवार एक यात्री के बैग से बिना किसी बिल या दस्तावेज के 513 ग्राम सोना, 1 किलो 390 ग्राम चांदी, 2,04,500 रुपए नकद और 2 जीपीएस डिवाइस बरामद किए गए।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान चंदूलाल पुत्र जैसा जी के रूप में हुई है, जो गोल, पुलिस थाना बरलूट, जिला सिरोही का निवासी है और वर्तमान में अहमदाबाद, गुजरात में रहता है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से बरामद सभी सामान बिना वैध बिल के थे।

