PALI SIROHI ONLINE
रेवदर, सिरोही -रेवदर की मंडार पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। यह शराब पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी। तस्करों ने शराब की खेप को सोयाबीन से भरे प्लास्टिक के कट्टों के बीच छिपाकर रखा था ताकि जांच के दौरान किसी को शक न हो, लेकिन पुलिस की सतर्कता से पूरा मामला खुल गया।कार्रवाई के दौरान ट्रक की तलाशी लेने पर पंजाब निर्मित अवैध शराब के कुल 800 कार्टन बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक पंजाब से रवाना होकर हरियाणा, कोटपूतली-बहरोड़, जयपुर, अजमेर, ब्यावर, पाली, सिरोही, अनादरा और रेवदर होते हुए मंडार पहुंचा था। यहां से ट्रक को गुजरात में प्रवेश करना था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
जब्त शराब की कीमत एक करोड़ रुपए से ज्यादा
पुलिस ने इस मामले में गणेशाराम निवासी परसनेडउ जिला चूरू को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब और अन्य माल की बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
यह कार्रवाई एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर थानाधिकारी प्रवीण कुमार आचार्य के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध शराब की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी।

