PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में शादी के नाम ठगी थम नहीं रही है। गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय कारपेंटर जसराज से शादी करने के कुछ महीनों बाद ही दुल्हन रुपए और गहने लेकर फरार हो गई।
पीड़ित युवक थाने से लेकर एसपी और आईजी ऑफिस तक गुहार लगा चुका है, लेकिन तीन महीने बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
परिचितों ने करवाई पहचान, आर्य समाज मंदिर में हुई शादी
डिंगाई गांव निवासी जसराज ने बताया कि मार्च 2025 में पाली में रहने वाले उसके दो परिचितों ने उसकी मुलाकात बिहार की रहने वाली और वर्तमान में जयपुर निवासी 31 वर्षीय युवती तथा उसके परिवार से करवाई। इसके बाद 2 अप्रैल 2025 को पाली स्थित आर्य समाज मंदिर में दोनों की शादी करवाई गई।
शादी के बाद सबकुछ सामान्य चल रहा था और दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे।
शादी के 10 दिन बाद ढाई लाख रुपए उधार लिए
पीड़ित का आरोप है कि शादी के करीब 10 दिन बाद पत्नी के पीहर पक्ष के लोग उसके घर आए और किसी आवश्यक काम का हवाला देकर ढाई लाख रुपए उधार लेकर चले गए। इसके बाद 4 मई को उसने पत्नी की मांग पर उसे एक महंगा मोबाइल फोन भी दिलाया।
काम पर गया, पीछे से घर छोड़कर चली गई पत्नी
5 मई 2025 को जसराज काम पर गया हुआ था। इसी दौरान उसकी पत्नी बिना बताए घर से निकल गई। कॉल करने पर उसने बताया कि वह पीहर गई है, लेकिन वापस लौटने से इनकार करने लगी।
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देने पर 23 जुलाई 2025 को वह वापस आई और करीब दो महीने तक साथ रही, लेकिन 20 सितंबर 2025 को फिर बिना बताए घर छोड़कर चली गई।
इस बार सोना-चांदी भी ले गई साथ
पीड़ित के अनुसार, दूसरी बार घर छोड़ते समय महिला अपने साथ करीब 4 तोला सोने के गहने और लगभग 400 ग्राम चांदी के गहने भी ले गई। इसके अलावा अब तक कुल मिलाकर करीब साढ़े तीन लाख रुपए भी उसके पास चले गए।
तलाश में जयपुर से बिहार तक भटका, सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई
पत्नी की तलाश में जसराज जयपुर से लेकर बिहार तक गया। कई दिनों की खोजबीन के दौरान जो सच्चाई सामने आई, उससे उसके होश उड़ गए।
जिस महिला को वह अपनी पत्नी मान रहा था, उसकी शादी वर्ष 2013 में ही हो चुकी थी और वह दो बेटों की मां है।
न पत्नी फोन उठा रही, न शादी करवाने वाले दे रहे जवाब
पीड़ित का आरोप है कि अब न तो महिला उसके फोन उठा रही है और न ही शादी करवाने वाले लोग कोई जिम्मेदारी ले रहे हैं। जब उसने उनसे संपर्क किया तो उन्होंने इसे पति-पत्नी के बीच का निजी मामला बताकर पल्ला झाड़ लिया। जसराज ने गुड़ा एंदला थाने में शिकायत दर्ज करवाई और एसपी ऑफिस व आईजी ऑफिस तक भी गुहार लगाई, लेकिन अब तक उसे कोई राहत नहीं मिली।
नवंबर में मिला परिवाद, जांच जारी
इस मामले में गुड़ा एंदला थाने के एएसआई समुंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित ने नवंबर माह में परिवाद दिया है। शादी करवाने वाला व्यक्ति मुंबई में रहता है, जिसे पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उसके आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
