PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही जिले के रोहिड़ा थाना क्षेत्र में एक किशोरी की कीटनाशक पीने से मौत हो गई। उसे गंभीर हालत में स्वरूपगंज अस्पताल से सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार यह घटना रोहिड़ा थाना क्षेत्र के भूला के उपला वासिया फली में हुई। 15 वर्षीय किशोरी ने घर में रखी फसलों में छिड़कने वाली कीटनाशक दवाई पी ली। परिजनों ने बताया कि उसने यह दवाई अज्ञात कारणों से पी।
तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत स्वरूपगंज के सरकारी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सिरोही के सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। 108 एंबुलेंस से उसे सिरोही पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर रोहिड़ा थाने के हेड कॉन्स्टेबल समय सिंह गुर्जर मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। सुबह सिरोही सरकारी अस्पताल में परिजनों की रिपोर्ट पर शव का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें सौंप दिया गया।
पुलिस इस मामले में किशोरी द्वारा कीटनाशक पीने के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।

