PALI SIROHI ONLINE
जालोर। जालोर के भीनमाल रोड स्थित राजकीय मातृ शिशु स्वास्थ्य केंद्र के पालना गृह में एक सुरक्षित नवजात शिशु मिला है। नवजात को तत्काल हॉस्पिटल में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। फिलहाल शिशु की देखरेख मातृ शिशु स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. मुकेश चौधरी द्वारा की जा रही है।
रविवार को राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण एजेंसी, जालोर की अधीक्षक मौर कंवर और बाल कल्याण समिति (CWC) की सदस्य सरिता चौधरी ने जिला हॉस्पिटल पहुंचकर नवजात के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
27 जनवरी को तड़के मिला नवजात
बाल कल्याण समिति की सदस्य सरिता चौधरी ने बताया कि जालोर जिला मुख्यालय स्थित राजकीय मातृ शिशु स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित पालना गृह में 27 जनवरी की सुबह करीब 3 बजे नवजात शिशु सुरक्षित अवस्था में मिला था। सूचना मिलने पर चिकित्सा स्टाफ ने तुरंत शिशु को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
ढाई किलो वजन, अब तबीयत में सुधार
डॉ. मुकेश चौधरी ने बताया कि नवजात का वजन करीब ढाई किलो था और वह थोड़ा कमजोर था। इसी कारण उसे निगरानी में रखा गया। रविवार को शिशु की तबीयत में सुधार हुआ है और उसने दूध भी पीना शुरू कर दिया है।
उन्होंने बताया कि दो से तीन दिन तक स्वच्छता और चिकित्सकीय निगरानी के बाद शिशु को बाल कल्याण समिति को सौंप दिया जाएगा।
सुरक्षित परित्याग की अपील, पहचान रहेगी गोपनीय
राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण एजेंसी की अधीक्षक मौर कंवर ने आमजन से अपील की कि यदि किसी माता-पिता को अपनी स्वेच्छा से बच्चे का परित्याग करना हो, तो वे किसी भी परिस्थिति में बच्चे को असुरक्षित स्थान पर न छोड़ें। पालना गृह में सुरक्षित परित्याग की सुविधा उपलब्ध है और ऐसे मामलों में माता-पिता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
दत्तक ग्रहण के लिए बिचौलियों से बचने की सलाह
मौर कंवर ने बताया कि जो भी व्यक्ति बच्चा गोद लेना चाहता है, वह किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आए। दत्तक ग्रहण की पूरी प्रक्रिया सरकार द्वारा निर्धारित है। इसके लिए CARA (सेंट्रल एडॉप्शन रिसोर्स अथॉरिटी) के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
इसके अलावा बस स्टैंड के पास स्थित राजकीय संप्रेक्षण एवं किशोर गृह, बाल अधिकारिता विभाग में संपर्क कर पूरी जानकारी और सहयोग लिया जा सकता है।

