PALI SIROHI ONLINE
आहोर-पचानवा जवाई नदी पुल निर्माण का विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने किया निरीक्षण, ग्रामीणों ने पचानवा से मोरू जाने वाली सड़क डामरीकरण की मांग
आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने पचानवा गांव में जवाई नदी पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिशासी अभियंता (XEN) शंकर लाल सुथार, सहायक अभियंता कैलाश जीनगर तथा कनिष्ठ अभियंता सोनु शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान पचानवा गांव में जनसुनवाई का आयोजन भी किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने मांग की कि पचानवा से उम्मेदपुर जाने वाली सड़क पर पुल के दोनों ओर सर्विस सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके।
इसके अलावा ग्रामीणों ने पचानवा से मोरू जाने वाली ग्रेवल सड़क पर डामरीकरण (डामर सड़क) कराने की मांग उठाई।साथ ही गांव के सभाभवन की चारदीवारी निर्माण की आवश्यकता भी विधायक के सामने रखी गई।
विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने ग्रामीणों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देते हुए मांगों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने विधायक का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में डोडियाली सरपंच बलाराम देवासी, फतेहसिंह, जेठूसिंह बालोत, विक्रमसिंह पचानवा सहित कई ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

