PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-पालड़ी एम थाना क्षेत्र के उथमण गांव में गुरुवार से लापता एक व्यक्ति का शव शनिवार को एक कुएं में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
शिवगंज तहसील के उथमण गांव निवासी संग्राम राम पुत्र भुकू देवासी गुरुवार को अपने घर से लापता हो गए थे। घर नहीं लौटने पर परिजनों ने शुक्रवार को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।
तलाश के दौरान परिजनों और गांव के अन्य लोगों को गांव से दूर एक सूखे कुएं में कुछ तैरता हुआ दिखाई दिया। अंधेरा होने के कारण वे स्पष्ट रूप से पहचान नहीं पाए, लेकिन उन्हें एक लाल पगड़ी जैसी कोई चीज नजर आई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पालड़ी एम पुलिस मौके पर पहुंची। रस्सी की सहायता से एक व्यक्ति को कुएं में उतारा गया, जिसने पुष्टि की कि कुएं में एक शव तैर रहा है। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को रस्सियों से बांधकर बाहर निकाला और पालड़ी एम के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और फिर उसे परिजनों को सौंप दिया। थाना अधिकारी कैलाश धन ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि संग्राम राम किन परिस्थितियों में घर से निकले और कुएं तक पहुंचे।

