PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली में शनिवार को तेज रफ्तार कार ने 12 साल के बच्चे को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मासूम का सिर फट गया। इलाज के लिए उसे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देख प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार- पाली शहर के सफर थाना एरिया के निम्बाड़ा गांव निवासी 12 साल का कादर अली पुत्र उम्मेद अली शनिवार दोपहर को निम्बाड़ा गांव में पैदल किसी काम से जा रहा था।
इस दौरान तेज रफ्तार से आ रहे कार ड्राइवर ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वह कई फीट उछल कर सिर के बल नीचे गिरा, जिससे उसका सिर फट गया और शरीर में भी कई जगहों पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद तुरंत उसे पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया। हालत गंभीर होने के कारण उसे रेफर किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में घायल के परिजन हॉस्पिटल में जुटे। बेटे की हालत गंभीर देख परिजन बिलख पड़े, जिन्हें साथ आए दूसरे लोगों ने संभाला।

