PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने गवर्नमेंट
कॉलेज सिरोही में अधूरे रंगमंच निर्माण को लेकर प्रदर्शन किया। नगर मंत्री ललित लखारा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में छात्रों ने भारी आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान प्रिंसिपल ने अनुपमा साह को प्रभार सौंपकर कॉलेज छोड़ दिया। प्रभारी प्रिंसिपल अनुपमा साह ने छात्रों को बताया कि रंगमंच निर्माण के लिए विकास समिति से कोई राशि स्वीकृत नहीं हुई है।
छात्रों ने इसके जवाब में दस्तावेज प्रस्तुत किए, जिनमें दर्शाया गया था कि लगभग 93 लाख रुपए की राशि पहले ही स्वीकृत हो चुकी थी। यह निर्माण कार्य वर्ष 2022 में पूरा होना था, लेकिन आज तक अधूरा है।
दस्तावेजों के सामने आने के बाद प्रभारी प्राचार्य ने PWD विभाग के अधिकारियों को महाविद्यालय बुलाने की बात कही। हालांकि, छात्रों का आरोप है कि PWD अधिकारियों ने उनसे संपर्क करने पर फोन उठाना बंद कर दिया।
छात्र तीन घंटे से अधिक समय तक महाविद्यालय परिसर में बैठे रहे, लेकिन कोई भी PWD अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और न ही कोई संतोषजनक जवाब मिला। करीब दो घंटे बाद छात्रों ने राज्य मंत्री ओटाराम से फोन पर बात की, लेकिन उनके हस्तक्षेप के बाद भी PWD अधिकारी महाविद्यालय नहीं आए, जिससे छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक सैयम लोढ़ा ने अपने विधायक फंड से निर्माण कार्य होने का दावा किया था, लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। छात्रों ने इसे धोखा और सार्वजनिक धन की बर्बादी बताया।
नगर मंत्री ललित लखारा ने चेतावनी दी कि यदि रंगमंच निर्माण प्रकरण में शीघ्र जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन को तेज करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।

