PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में बासफोड़ समुदाय के लिए स्थायी श्मशान भूमि आवंटित करने की मांग की को लेकर लोगों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शिव सेना जिलाध्यक्ष रूपराज राजपुरोहित भी मौजूद रहे।
100 वर्षों से इसी भूमि पर हो रहा अंतिम संस्कार
ज्ञापन में बताया गया कि बासफोड़ समाज पिछले लगभग 100 वर्षों से भीनमाल रोड स्थित खसरा नंबर 2225/6287 की भूमि पर अंतिम संस्कार करता आ रहा है। इसके बावजूद आज तक इस भूमि को श्मशान के रूप में कानूनी मान्यता नहीं मिल पाई है।
इस कारण समाज को हर बार अंतिम संस्कार के समय सामाजिक और प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार हर समाज का अधिकार’
इस मौके पर शिव सेना जिला प्रमुख रूपराज पुरोहित ने कहा कि बासफोड़ समाज अत्यंत वंचित, मेहनतकश और श्रमजीवी समुदाय है, जो बांस से बने उत्पाद तैयार कर अपनी आजीविका चलाता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी समाज को अपने मृतकों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार करने का अधिकार है और यह सुनिश्चित करना प्रशासन की संवैधानिक व नैतिक जिम्मेदारी है।
प्रशासन से शीघ्र निर्णय की मांग
शिव सेना ने जिला प्रशासन से मांग की कि भीनमाल रोड स्थित उक्त भूमि को शीघ्र ही बासफोड़ समाज के नाम स्थायी श्मशान भूमि के रूप में आवंटित किया जाए, ताकि दशकों से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके और समाज को बार-बार अपमानजनक परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व पार्षद ओमाराम राणा, समाजसेविका जसवंती राणा, नरेश राणा, लाखाराम जोगी, चेतराम जोगी, वेलाराम जोगी, सुशीला देवी, शांतिदेवी सहित बड़ी संख्या में बासफोड़ समाज के लोग उपस्थित रहे।

