PALI SIROHI ONLINE
बांसवाड़ा-बांसवाड़ा में एक जीजा ने अपने ही साले के पेट में चाकू घोंप दिया। इससे युवक की आतें तक डैमेज हो गई। घायल युवक जीजा से समझाइश कर रहा था, जिससे उसकी बहन और जीजा में दो महीने से चल रही अनबन खत्म हो जाए। लेकिन आवेश में आए जीजा ने उस पर ही हमला कर दिया।
घटना कुशलगढ़ थाना क्षेत्र के माचा गांव में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की है। गंभीर हालत में युवक को उदयपुर रेफर किया गया। मामले में ग्रामीणों ने मौके पर ही आरोपी को पकड़ लिया और सज्जनगढ़ थाने के बाद कुशलगढ़ पुलिस के पास लेकर पहुंचे।
सुलह करवाने का प्रयास कर रहा था
भतीजे संतोष ने बताया कि घायल रोहित पुत्र याकूब, निवासी अघोरिया उसके काका (चाचा) है। मेरी बुआ (रोहित की बहन) की पिछले 2 महीनों से अपने ससुराल (इटाला) से अनबन चल रही थी। विवाद के कारण वह अपने पीहर में रह रही है। सोमवार को रोहित जब बाजार गया, तो वहां उसकी मुलाकात अपने जीजा से हुई।
रोहित ने जीजा को रोका और पारिवारिक विवाद सुलझाने की बात कही। वह चाहता था कि उसकी बहन का घर फिर से बस जाए, इसी उम्मीद में वह जीजा को समझाते हुए अपने साथ घर ले जाने लगा।
लेकिन माचा गांव के पास पहुंचते ही दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि जीजा ने अपनी जेब से चाकू निकाला और रोहित के पेट में घोंप दिया। चाकू के कारण पेट में 10 सेमी तक गहरा घाव हो गया और आतें तक डैमेज हो गई। वह लहूलुहान होकर वही गिर पड़ा। इसे देख मौके पर ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और परिजनों को सौंप दिया।
पेट फटने से हालत गंभीर
महात्मा गांधी हॉस्पिटल के डॉक्टर हितेन व्यास ने बताया कि चाकू का वार इतना तेज था कि रोहित का पेट फट गया है। घाव करीब 10 सेमी से अधिक हुआ है। इसके कारण आंतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। सीटी स्कैन के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। गंभीर हालत में युवक को उदयपुर रेफर किया गया है।
सज्जनगढ़ थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि परिजन आरोपी को साथ लेकर थाने पर आए थे, लेकिन घटना कुशलगढ़ थाना क्षेत्र में होने के कारण उन्हें वहां भेजा गया है। हालांकि देर शाम तक कुशलगढ़ थाने में मामला दर्ज नहीं हुआ था।

