PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-सिरोही के 5 लोगों की गुजरात में एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। इस हादसे में 2 अन्य लोगों की भी मौत हुई है। हादसे में 3 लोग घायल भी हो गए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बनी हुई है।
गुजरात के इकबालगढ़ के पास शनिवार को उदयपुर-पालनपुर फोर लेन पर यह हादसा हुआ। इसमें गलत साइड से आ रहा एक बेकाबू ट्रक के इनोवा कार पर पलट गया।
यह दुर्घटना तब हुई जब ट्रक डिवाइडर से टकराकर सीधे कार पर पलट गया। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार सिरोही के शिवगंज कस्बे के संतोष नगर निवासी हनीफ अपने परिवार के साथ पालनपुर से इलाज करवाकर इनोवा कार से घर लौट रहे थे। कार में करीब 10 लोग सवार थे। हनीफ के पिता हुसैन पालनपुर के अस्पताल में भर्ती थे और छुट्टी मिलने के बाद परिवार घर जा रहा था।
एक ही परिवार के लोग हुए हादसे का शिकार
इस सड़क हादसे में मरने वालों में मोहम्मद हुसैन पुत्र हनीफ निवासी शिवगंज, सबीना बानो पत्नी मोहम्मद हनीफ निवासी शिवगंज, महेंद्र भाई पुत्र शंकरलाल रावल निवासी वाटेरा पिंडवाड़ा, तुलसी भाई पुत्र दलाराम रेबारी निवासी डेरना, चेतन कुमार चिमनलाल प्रजापति निवासी किवरली, पाली जिले के निवासियों में रहीगा राम पुत्र मोहनलाल टीपरी निवासी पाली और कार ड्राइवर प्रकाश कुमार वागा राम कलावंत निवासी फालना शामिल है।
घायलों में जन्नत बहन मोहम्मद हुसैन, मोहम्मद शहद पुत्र मोहम्मद हुसैन निवासी शिवगंज, दीपक सिंह गोपाल सिंह निवासी आबूरोड शामिल है।
एक ही घर से उठे 2 जनाजे
इधर रविवार को दोपहर बाद शिवगंज निवासी मोहम्मद हुसैन पुत्र हनीफ और सबीना बानो पत्नी मोहम्मद हनीफ का जनाजा उनके निवास से एक साथ उठा। इस दौरान पूरी गली का माहौल गमगीन रहा, नम आंखों से लोगों ने अंतिम विदाई दी। इस दौरान सभी समाज के लोग मौजूद नजर आए। उधर वाटेरा गांव में महेंद्र रावल का अंतिम संस्कार दोपहर बाद किया गया। आबूरोड तहसील के डेरना गांव के तुलसी रेबारी का अंतिम संस्कार में समाज के काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस दौरान डेरना गांव में माहौल पूरी तरह से गमगीन रहा।

