सिरोही में कॉमर्शियल सिलेंडर की किल्लतः पूर्व विधायक लोढ़ा ने खाद्य मंत्री से प्राथमिकता पर वितरण की मांग की
PALI SIROHI ONLINE
सिरोही-पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने सिरोही जिले में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर खाद्य और आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा से फोन पर बात की। उन्होंने मंत्री का ध्यान ग्रामीण क्षेत्रों में आ रही इस समस्या की ओर आकर्षित किया।
लोढ़ा ने मंत्री से आग्रह किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में शादियों और धार्मिक समारोहों के लिए कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों का वितरण जिला प्रशासन के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री को भेजे एक लेटर में लोढ़ा ने बताया कि सिरोही जिले में कॉमर्शियल सिलेंडरों की कमी बनी हुई है। जिले की ग्रामीण गैस एजेंसियों को कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति अनियमित है और उन्हें कम सिलेंडर मिल रहे हैं। इससे विवाह और धार्मिक समारोहों में दिक्कतें आ रही हैं।
उन्होंने सुझाव दिया कि कंपनियों को जिले की मांग के अनुसार कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति करने का निर्देश दिया जाए। साथ ही, इन सिलेंडरों को विवाह एवं धार्मिक समारोहों के लिए प्रशासनिक अनुमति से ही वितरित किया जाए। शेष सिलेंडरों को व्यावसायिक उपयोग के लिए वितरित करने के निर्देश भी दिए जाएं।
