PALI SIROHI ONLINE
भंदर के लाल ने बढ़ाया मान, किरण कुमार मारू बने एयर इंडिया में फ्लाइट इंजीनियर, क्षेत्र में खुशी की लहर
पाली जिले के बाली उपखंड के अंतर्गत आने वाले भंदर गांव के एक होनहार युवक ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भंदर निवासी किरण कुमार, सुपुत्र मगनलाल मारू कुमार, का चयन प्रतिष्ठित विमानन कंपनी ‘एयर इंडिया’ में फ्लाइट इंजीनियर के पद पर हुआ है।
किरण कुमार की इस सफलता की खबर मिलते ही पूरे गांव और मारू समाज में हर्ष की लहर दौड़ गई। रविवार को क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध समाजसेवियों और समाज बंधुओं ने किरण कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर भन्दर सरपंच कपुरा राम मेघवाल, नाना बीजेपी मंडल अध्यक्ष एडवोकेट मुकेश बोहर्रा, भन्दर उप सरपंच मुकेश दवे, एडवोकेट हेमंत बोहर्रा, एडवोकेट ओम प्रकाश दवे, भवर लाल बोहरा प्रवीण कुमार मारु ने कहा कि किरण कुमार ने एक छोटे से गांव से निकलकर अपनी मेहनत के बल पर एयर इंडिया जैसी राष्ट्रीय विमानन सेवा में महत्वपूर्ण पद प्राप्त कर न केवल अपने परिवार का, बल्कि पूरे बाली क्षेत्र और समाज का नाम रोशन किया है। स्थानीय लोगों ने उन्हें क्षेत्र एवं समाज का गौरव बताते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
सोशल मीडिया से लेकर व्यक्तिगत स्तर पर किरण कुमार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिजनों ने इस सफलता का श्रेय किरण की कड़ी मेहनत और गुरुजनों के आशीर्वाद को दिया है।
