PALI SIROHI ONLINE
बेड़ा में थाना स्थापना सहित चार सूत्रीय मांगों को लेकर उपतहसील में ज्ञापन सौंपा
बेड़ा क्षेत्र में थाना स्थापना सहित विभिन्न जनहित मांगों को लेकर गुरुवार को बेड़ा उपतहसील कार्यालय में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
यह ज्ञापन भारतीय किसान संघ तहसील अध्यक्ष रतन सिंह राठौड़ के नेतृत्व में ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत किया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि बेड़ा ग्राम पंचायत समिति बाली की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है तथा यह क्षेत्र आदिवासी बाहुल्य होने के साथ-साथ लगभग 50 छोटे-बड़े गांवों का केंद्र बिंदु है।
इसके बावजूद वर्तमान में यहां केवल एक पुलिस चौकी संचालित है, जिसमें सीमित पुलिस बल तैनात है। निकटतम थाना लगभग 15 किलोमीटर दूर होने के कारण आपराधिक घटनाओं, आपात स्थितियों एवं कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं में ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए बेड़ा पुलिस चौकी को क्रमोन्नत कर पूर्ण पुलिस थाना बनाए जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान में बेड़ा उपतहसील के नाम से सरकारी दस्तावेजों में दर्ज है, जबकि पंचायत समिति बाली लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित है। पंचायत समिति संबंधी कार्यों के लिए ग्रामीणों को बार-बार बाली जाना पड़ता है, जिससे समय व आर्थिक नुकसान होता है। ऐसे में बेड़ा को पंचायत समिति का दर्जा दिए जाने की मांग रखी गई।
इसके अलावा क्षेत्र के विद्यार्थियों की शिक्षा को ध्यान में रखते हुए बेड़ा में राजकीय महाविद्यालय खोलने तथा बढ़ती जनसंख्या व व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक की शाखा स्थापित करने की भी मांग ज्ञापन में शामिल की गई। ग्रामीणों का कहना है कि इन सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र का समुचित विकास नहीं हो पा रहा है।
इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुकन राज छिपा, भगवान सिंह राणावत, कानजी कुमावत, गजेंद्र मेवाड़ा, महेन्द्र कुमावत, अधिवक्ता प्रदीप राणे, देवी सिंह, मंगल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

