PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर में पिछले दिनों सर्दी कम होने से थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन आज से मौसम पलट गया है। सुबह से बादल छाए हैं। ठंडी हवा चल रही है। राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने के साथ ही उदयपुर के मौसम में बदलाव हुआ है। 11 बजे बाद धूप निकली लेकिन उसके बाद दिन भर कभी धूप तो कभी बादलों का क्रम रहा। आगे मावट की संभावना जताई जा रही है।
सुबह करीब साढ़े दस बजे तक इसी प्रकार का मौसम बना हुआ है। वैसे पिछले दिनों मौसम साफ होने और लगातार धूप होने से सर्दी से काफी राहत मिली थी, लेकिन आज बदले मौसम के साथ ही ठंडी हवाओं ने जनजीवन प्रभावित किया। उदयपुर में 22 जनवरी का न्यूनतम तापमान 10.2 और अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री से. रहा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. आर. एस. देवड़ा ने बताया पश्चिमी विक्षोभसक्रिय होने से आने वाले दो दिनों मे विक्षोभ के और अधिक सक्रिय होने कि संभावना है। जिससे मेवाड़ सहित उत्तर पश्चिमी राजस्थान में इस साल का पहला मावठ होने और ओले गिरने कि संभावना है। बादलों के कारण तापमान मे हल्की वृद्धि हो सकती है मावठ होने पर तापमान मे फिर से कमी होगी।
आज से ही स्कूलों का समय पूर्ववत किया था
उदयपुर में एक दिन पहले ही शिक्षा विभाग ने आदेश निकाल कर स्कूलों का समय पूर्ववत किया था। इस आदेश के तहत उदयपुर जिले के समस्त राजकीय एवं निजी स्कूल आज 23 जनवरी से पूर्व निर्धारित समय पर संचालित करने के आदेश निकाले थे।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में जिला कलेक्टर नमित मेहता के आदेश पर 6 जनवरी से जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों का समय सर्दी के चलते सुबह 10 से शाम 4 बजे तक कर दिया था। नए आदेश के साथ ही आज से ही स्कूलों ने अपना समय बदल दिया था।

