PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर शहर की पुलिस ने शुक्रवार सुबह कुड़ी क्षेत्र में नकली घी की फर्जी फैक्ट्री का खुलासा किया। मौके से कई नामी कंपनियों के नाम से तैयार नकली घी बरामद किया गया। इसके अलावा अवैध मादक पदार्थ अफीम भी बरामद किया गया।
पुलिस ने ये पूरी कार्रवाई सेक्टर-9 कुड़ी भगतासनी में की। यहां दबिश देकर दो गोदामों से सरस, सीर, डेयरी बेस्ट, प्राइड, मधुसूदन, कृष्णा, मिल्क फूड जैसी नामी कंपनियों के 120 नकली घी के टीन, लेबल-पैकिंग सामग्री व मशीनें बरामद की। बरामद माल की कीमत करीब 25 लाख बताई जा रही है।
पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश पासवान व एसीपी मुख्यालय सुनील के पंवार के सुपरविजन में सीएसटी टीम प्रभारी मेहराज तंवर व हाइवे मोबाइल इंचार्ज तेजाराम की टीमों ने दबिश दी। इस दौरान मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं एक ब्रेजा कार से 1 किलो अवैध अफीम का दूध भी जब्त हुआ।
पुलिस ने मामला दर्ज कर मोहनलाल (40) पुत्र चंपालाल ब्राह्मण, निवासी मदेरणा कॉलोनी, कैलाश चांडक (46) पुत्र गोपी किशन माहेश्वरी निवासी, सेक्टर-9 कुड़ी भगतासनी) व रविराज (32) पुत्र बंशीलाल विश्नोई निवासी भीकमकोर को गिरफ्तार किया। मौके से नकली घी ढोने वाली टाटा मैजिक गाड़ी भी बरामद हुई। अब इस पूरे मामले को लेकर कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में मंडी के कई व्यापारियों व अफीम तस्करी के नामी अपराधियों के नाम सामने आए हैं। इसके बाद पुलिस इनकी तलाश में जुटी है।

