PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
ग्रामीण रोजगार की रीढ़ है मनरेगा, इसे कमजोर करने की साजिश सफल नहीं होने देंगे: मेवाड़ा,मनरेगा बचाओ अभियान के तहत नेतरा, रोजड़ा, खिवांदी व बांकली मंडल में सभाएं आयोजित मनरेगा के महत्व काे बताया
तखतगढ 22 जनवरी (खीमाराम मेवाडा)। केन्द्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलने व इसमें बदलाव कर इसे समाप्त करने की कथित साजिश के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। इसके तहत नगर-नगर और गांव-गांव जाकर आमजन को मनरेगा के महत्व और इसमें किए जा रहे बदलावों के प्रति नरेगा बचाओ अभियान के तहत जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को विधानसभा सुमेरपुर के कांग्रेस प्रत्याशी रहे हरिशंकर मेवाड़ा, पीसीसी प्रभारी मकसूद अहमद, कांग्रेस सुमेरपुर ब्लॉक अध्यक्ष नेपालसिंह और पाली प्रभारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस के नेतरा, रोजड़ा, खिवांदी व बांकली मंडलाें में सभाएं आयोजित की गईं। सभाओं के माध्यम से कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों को मनरेगा को कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ जागरूक किया गया।
सभाओं को संबोधित करते हुए हरिशंकर मेवाड़ा ने कहा कि यूपीए सरकार द्वारा शुरू की गई मनरेगा ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और महिलाओं के लिए रोजगार की गारंटी है। यह योजना केवल रोजगार ही नहीं, बल्कि गांवों के विकास, पलायन रोकने और आर्थिक मजबूती का आधार है। लेकिन केन्द्र सरकार योजनाबद्ध तरीके से मनरेगा को कमजोर करने की दिशा में कदम उठा रही है। केन्द्र सरकार ने मनरेगा का बजट अब 60 प्रतिशत केन्द्र व 40 प्रतिशत राज्य सरकार पर डाल दिया हैं जबकि पहले यह 100 प्रतिशत केन्द्र सरकार देती थी। उन्हाेंने कहा कि पहले जहां 100 दिन का राेजगार मिलता था अब 40 दिन भी नहीं मिल रहा हैं। केन्द्र सरकार की गरीबाें के प्रति इस प्रकार की नीति काे कांग्रेस किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी। उन्हाेंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केन्द्र सरकार के खिलाफ जन-जागरण अभियान काे मजबूती प्रदान करें व आमजन काे मनरेगा के महत्व के प्रति जागरूक करें। पीसीसी प्रभारी मकसूद अहमद ने कहा कि मनरेगा से करोड़ों परिवारों की आजीविका जुड़ी है। इसमें किसी भी तरह का बदलाव सीधे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रहार है। कांग्रेस आमजन के हक की इस लड़ाई में सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। ब्लाॅक अध्यक्ष नेपाल सिंह पाव ने ग्रामीणों को मनरेगा के अधिकार, मजदूरी भुगतान, कार्य दिवस और रोजगार गारंटी से जुड़े प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। सभाओं में नेतरा मंडल अध्यक्ष छगन सोलंकी, खिवांदी मंडल अध्यक्ष मनोहर परमार, गोपीलाल, पुखराज परमार, चतराराम बलूपरा, दौलत मेघवाल, सुरेश देवासी, गेनाराम, शैतान कुमार सैकड़ों युवा कार्यकर्ता महिला जन मौजूद रहीं।

