PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-आबूरोड रिको थाना क्षेत्र में एक किसान पर तीन युवकों ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि युवकों ने किसान को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित किसान सज्जन सिंह जादौन ने इस संबंध में पुलिस थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सज्जन सिंह जादौन, निवासी आईटीआई रोड सांतपुर, ने पुलिस को बताया कि यह घटना 20 जनवरी की शाम करीब 4:30 से 5:00 बजे के बीच हुई, जब वह अपने खेत पर मौजूद थे। इसी दौरान लगभग 18 से 21 वर्ष की आयु के तीन युवक खेत के पास आकर बैठ गए और शराब पीने लगे।
किसान ने जब युवकों को खेत से बाहर जाने और शराब पीने से मना किया, तो वे आक्रोशित हो गए। आरोप है कि तीनों युवकों ने गाली-गलौच करते हुए सज्जन सिंह पर हमला कर दिया।
युवकों ने लात-घूंसे, पत्थरों और डंडों से किसान पर हमला किया। इस हमले में सज्जन सिंह के सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण काफी खून बह गया और वह बेहोश हो गए।
हमले के बाद, आरोपियों पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार होने का आरोप है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल किसान को पहले आबूरोड के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

