• April 16, 2026

जालोर में जमीन विवाद में लाठी और सरियों से हमलाः एक पक्ष के दो युवक घायल, रास्ते पर अतिक्रमण करने का आरोप

PALI SIROHI ONLINE

जालोर-जालोर में जमीनी विवाद में दो पक्ष आमने-सामने हो गए। लाठी-सरियों से हमले में एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए। जिन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

पुराना विवाद कोर्ट में लंबित, पहले भी हो चुकी शिकायतें

कोतवाली थानाधिकारी देवेन्द्र कुमार कच्छवाह ने बताया शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट में प्रवीण कुमार ने बताया – सर्किट हाउस के पीछे उनका पुश्तैनी खेत है, जहां महेंद्र अग्रवाल द्वारा आवासीय कॉलोनी विकसित की जा रही है। रास्ते और जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।

प्रवीण का आरोप है कि इससे पहले भी 4 से 5 बार कोतवाली थाने में शिकायत दी गई, लेकिन पुलिस ने केवल आपसी समझाइश कर मामला शांत कराया गया।

विरोध करने पर बुलाए गए लोग, फिर हुआ हमला

रिपोर्ट में बताया कि बुधवार दोपहर जब प्रवीण के छोटे भाई मनोहर सोलंकी खेत की देखरेख के लिए पहुंचे, तो वहां महेंद्र अग्रवाल, श्याम अग्रवाल, साजन कुमार, दिलीप, ओम पुत्र अचलाराम और गौरव अग्रवाल सहित 3 से 4 अन्य लोग अतिक्रमण की कोशिश कर रहे थे।

मनोहर द्वारा रोकने पर विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज शुरू हो गई। इसके बाद मनोहर ने अपने रिश्तेदार महेश कुमार, हर्ष कुमार और प्रवीण कुमार को मौके पर बुलाया। आरोप है कि जैसे ही उन्होंने अतिक्रमण रोकने की बात कही, आरोपियों ने पहले से योजना बनाकर लाठियों और सरियों से हमला कर दिया।

दो घायल हॉस्पिटल में भर्ती, एक की हालत गंभीर

हमले में प्रवीण कुमार के हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं, उनके हाथ में चार टांके लगाए गए हैं। वहीं महेश कुमार के सिर और पीठ पर सरियों से वार किए जाने के कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों घायलों का जालोर के सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है।

कोतवाली थानाधिकारी देवेन्द्र कुमार कच्छवाह ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page