PALI SIROHI ONLINE
अनादरा, सिरोही-अनादरा थाना क्षेत्र के असावा गांव में एक 65 वर्षीय विधवा महिला कांता देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार सुबह ग्रामीणों को उनके घर में शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे लूट के इरादे से गला दबाकर हत्या का मामला मान रही है।
मृतका कांता देवी काफी समय से घर पर अकेली रह रही थीं। पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने बताया कि सुबह फोन करने पर जब कोई जवाब नहीं मिला, तो वह घर जाकर देखने पहुंची। वहां कांता देवी जमीन पर बेसुध अवस्था में पड़ी मिलीं, जिसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर सामान बिखरा हुआ मिला है, जिससे लूटपाट की आशंका जताई जा रही है। मृतका के शरीर पर गला दबाने के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने मृतका की पहचान कांता देवी (65) पत्नी भेराराम रावल के रूप में की है।
सूचना मिलते ही अनादरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। संदिग्ध मौत को देखते हुए एमओबी टीम सहित अन्य जांच टीमें भी घटनास्थल पर बुलाई गईं। वृत्ताधिकारी मनोज गुप्ता और थानाधिकारी कमलेश गहलोत ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घटना के बाद आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए आक्रोश व्यक्त किया और चार घंटे तक धरने पर बैठे रहे। सूचना पर पूर्व विधायक जगसीराम कोली, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह चौहान और उपखंड अधिकारी राजन लोहिया सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों और पुलिस-प्रशासन के बीच हुई वार्ता के बाद, पुलिस द्वारा 20 दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने पर प्रदर्शन समाप्त किया गया। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। गहनता से साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया है। थानाधिकारी कमलेश गहलोत ने बताया कि विभिन्न टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

