PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट ने 29 लाख रुपए के चोरी के मोबाइल बरामद किए। इसके तहत 105 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपने की कार्रवाई शुरू की।
जोधपुर के वेस्ट कार्यालय में बुधवार को इन लोगों को उनके गुमशुदा मोबाइल लौटाए तो उनके चेहरों पर खुशी झलक पड़ी। लोगों के मोबाइल कई महीनों पहले चोरी हो गए थे। इसकी उम्मीद छोड़ चुके लोगों ने पुलिस कार्यालय से मोबाइल बरामद किए।
संचार साथी (CEIR) पोर्टल की मदद से गुमशुदगी के मामलों में तकनीक से ट्रेसिंग कर मोबाइल फोन बरामद किए गए।
साइबर सेल की प्रभावी कार्रवाई
साइबर सेल जोधपुर पश्चिम एवं जिला जोधपुर पश्चिम पुलिस की टीमों ने संचार साथी (CEIR) पोर्टल की मदद से विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों में तकनीकी ट्रेसिंग कर मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश तथा पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम विनीत कुमार बंसल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रोशन मीणा के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। साइबर सेल और पश्चिम जिला के विभिन्न पुलिस थानों की समन्वित टीमों ने CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइलों को ब्लॉक / ट्रेस कर उन्हें सुरक्षित बरामद किया।
मिसिंग की रिपोर्ट दर्ज कराएं पीड़ित
इस मौके पर पुलिस उपायुक्त जोधपुर पश्चिम ने आमजन से अपील की कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाने या पुलिस वेब पोर्टल पर मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कराएं। इसके बाद CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया अपनाएं। मोबाइल मिलने पर उसी पोर्टल से अन-ब्लॉक कर पुनः उपयोग किया जा सकता है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा- कार्रवाई में साइबर सेल जोधपुर पश्चिम तथा जिला जोधपुर पश्चिम के सभी संबंधित पुलिस थानों की टीमों की अहम भूमिका रही।

