PALI SIROHI ONLINE
बाली-देसूरी-नारलाई सड़क मार्ग पर मंगलवार को एक सड़क हादसे में तीन दुपहिया वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में तीन पुरुषों और एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, यह हादसा तब हुआ जब एक के बाद एक तीन बाइकें एक ही लाइन में चल रही थीं और अचानक आपस में टकरा गईं। घायलों में नारलाई निवासी महावीरसिंह पुत्र अर्जुनसिंह, पोकरराम पुत्र पेमाराम जणवा, भादसोड़ा सावरिया सेठ निवासी महेंद्र और उनकी पत्नी कपिला शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को देसूरी राजकीय अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने बताया कि चार घायलों में से एक के सिर में गंभीर चोट आई है। एक अन्य घायल की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलने पर देसूरी थानाधिकारी उर्जाराम के निर्देश पर हेड कॉन्स्टेबल रघुवीर मीणा और कॉन्स्टेबल जगदीश कुमार सहित पुलिस स्टाफ अस्पताल पहुंचा। पुलिस ने घायलों की जानकारी ली और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

