PALI SIROHI ONLINE
जोधपुर-जोधपुर के बनाड़ थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां रिश्तों की मर्यादा तार-तार हो गई। जाजीवाल खीचियान गांव में एक बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी बेटा भागने की बजाय मां के शव के पास ही दूसरी चारपाई पर लेट गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और खुद से ही मामला दर्ज किया, क्योंकि परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं आई। आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।बंद दरवाजे के पीछे खौफनाक वारदात
बनाड़ थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, यह घटना 4 जनवरी की शाम करीब 6 बजे की है। आरोपी ओमप्रकाश का बेटा सुरेंद्र जब घर लौटा, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने कई बार आवाज दी और दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं आया।
अनहोनी की आशंका से वह पड़ोसी के घर से छत पर चढ़कर अपने घर में दाखिल हुआ। अंदर का नजारा देखकर वह सन्न रह गया। उसकी दादी परमुड़ी देवी (उम्र लगभग 70-75 साल) चारपाई पर मृत पड़ी थीं, जबकि पिता ओमप्रकाश पास की चारपाई पर जागते हुए लेटा था।खून से सनी रस्सी और गायब जेवर
घटना की सूचना मिलने पर सब-इंस्पेक्टर त्रिलोक दान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि मृतका के गले पर लाल-नीले निशान थे और कान व नाक से खून बह रहा था। शव के पास ही एक खून से सनी रस्सी पड़ी थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतका के गले में पहनी हुई सोने की कंठी और कानों की सोने की टोटियां (बालियां) भी गायब थीं।
पुलिस को देख बोला- मैंने ही मारा है
पुलिस ने जब मौके पर मौजूद आरोपी ओमप्रकाश पुत्र घमंडीराम से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया उसने ही अपनी मां के साथ मारपीट की और रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी के कपड़ों पर भी खून के निशान पाए गए हैं।
परिवार रिपोर्ट देने को तैयार नहीं था
एसआई त्रिलोक दान की रिपोर्ट पर दर्ज एफआईआर के अनुसार घटना के वक्त घर पर आरोपी और उसकी मां के अलावा कोई नहीं था। इस जघन्य अपराध के बावजूद परिवार ने पुलिस में रिपोर्ट देने से मना कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गोपनीय सूचना और घटनास्थल के सबूतों के आधार पर खुद संज्ञान लिया।
बनाड़ थानाधिकारी लेखराज सिहाग ने बताया कि-
” आरोपी ओमप्रकाश (47) पहले नशे का आदी था। संभवतः नशे की लत पूरी करने के लिए उसने मां के जेवर छीनने से पहले उसकी हत्या की और जेवर छिपा दिए। पुलिस ने जेवर बरामद कर लिए हैं। सोमवार को एफआईआर दर्ज हुई और आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आज उसे अदालत में पेश किया जाएगा। हत्या की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन जांच जारी है।
