PALI SIROHI ONLINE
मोदरान-तवाव कस्बे में निराश्रित सांडों के हमले में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना रामसीन थाना क्षेत्र के मुख्य बस स्टैंड के पास हुई, जहाँ दो सांड आपस में लड़ते हुए सड़क पर आ गए और वहां से गुजर रही महिलाओं पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान एक महिला को सांड ने सींगों से उठाकर लगभग 4 फीट ऊपर उछाल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। दूसरी महिला सांड की टक्कर से सड़क पर गिरकर चोटिल हुई। घटना के बाद एक महिला मौके पर ही बेहोश हो गई।
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि वे घर का सामान खरीदकर पैदल लौट रही थीं। सरकारी स्कूल के पास दो निराश्रित सांड आपस में भिड़ गए। महिलाओं ने उनसे बचने का प्रयास किया, लेकिन एक सांड ने पीछे से उन पर हमला कर दिया।
एक महिला के सिर, हाथ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दूसरी महिला को भी अंदरूनी चोटें लगी हैं। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के बावजूद निराश्रित पशुओं को गोशालाओं में नहीं भेजा जा रहा है। सड़कों पर खुले घूम रहे इन पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल निराश्रित पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में भेजने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

