PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन का विशेष अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत 2 दिनों में कुराबड़, ऋषभदेव, पाटिया और ईसवाल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए ट्रेलर, ट्रैक्टर और अवैध भंडारण पकड़ा गया।
इन कार्रवाई में फेल्सपार, क्वार्टर्ज और मेसनरी स्टोन सहित सवा सौ टन से ज्यादा खनिज जब्त किया। लगातार हो रही सख्ती से खनन माफिया में हड़कंप का माहौल है। यह कार्रवाई जिला कलेक्टर नमित मेहता के निर्देश पर हुई।
खनिज अभियंता आसिफ अंसारी ने बताया कि अभियान में खनन, वन, पुलिस, परिवहन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें शामिल रहीं। अवैध खनन और बिना अनुमति खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जहां भी नियमों का उल्लंघन सामने आ रहा है, वहां तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
70 टन मेसनरी स्टोन भरा हुआ था
कुराबड़ के शीशवी क्षेत्र में अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रेलर को रोका गया। जांच में ट्रेलर में करीब 40 टन फेल्सपार अवैध रूप से ले जाया जा रहा पाया गया, जिस पर ट्रेलर को जब्त कर लिया गया। इसी क्षेत्र में ओवरलोडिंग के मामले में दो अन्य ट्रेलर पकड़े गए, जिनमें लगभग 70 टन मेसनरी स्टोन भरा हुआ था। जब्त किए गए सभी वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
ऋषभदेव क्षेत्र में पुलिस और खनन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान देवलिया इलाके में सफेद पत्थर क्वार्ज का अवैध भंडारण पकड़ा। मौके पर खनन विभाग के अधिकारियों को बुलाकर पर्चा बनाया गया और खनिज को निगरानी में लिया गया। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।
इसके अलावा पाटिया थाना क्षेत्र में अवैध खनन अभियान के तहत एक ट्रैक्टर और मेसनरी स्टोन से भरी ट्रॉली को डिटेन कर खनन विभाग को सूचना दी गई। वहीं ईसवाल गांव में अवैध खनन की सूचना पर खान विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां दो स्थानों पर अवैध रूप से मेसनरी स्टोन निकालना पाया गया। टीम ने दो प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि अरावली क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

