PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर में राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार कर पकाने के मामले में जमानत पर आए कांग्रेस नेता का ढोल-नगाड़े के साथ स्वागत किया गया। खेरवाड़ा एडीजे कोर्ट ने कांग्रेस नेता रूपलाल मीणा (45) और एक हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को शनिवार को जमानत पर रिहा किया।
10 दिन जेल काटकर बाहर आए रूपलाल सहित तीन आरोपियों का कांग्रेस पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया।
शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे जेल के गेट से निकलते ही उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया गया। यहां से सीधे ऋषभदेव बस स्टैंड के पास स्थित राम मंदिर पहुंचे, जहां कांग्रेसियों के साथ उन्होंने भगवान राम के दर्शन किए।
फिर ऋषभदेव शहर में शाम करीब 7:30 बजे ढोल-नगाड़े के साथ कंधे पर बैठाकर जुलूस निकाला गया। इस दौरान पूर्व शिक्षा मंत्री और वर्तमान में खेरवाड़ा विधायक दयाराम परमार ने भी उनका स्वागत किया। वहीं, दूसरी ओर मोर को मारकर पकाने के आरोपियों का इस तरह स्वागत पर लोग सवाल उठा रहे हैं।

