PALI SIROHI ONLINE
पिंडवाड़ा/सिरोही-पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के वीरवाड़ा गांव में रविवार सुबह घरेलू गैस सिलेंडर लीक होने से आग लग गई। हादसे में लक्ष्मी देवी पत्नी भरत कुमार माली (38) गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि मकान क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़िता के अनुसार मार्च 2024 में गैस एजेंसी कर्मचारी ने चूल्हा, रेगुलेटर और पाइप की जांच कर फिटनेस रिपोर्ट जारी की थी। शनिवार सुबह 6 बजे चाय बनाते समय पाइप से तेज गैस रिसाव हुआ और आग भड़क गई। महिला के हाथ, चेहरा व पीठ झुलस गए। ग्रामीणों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। पीड़िता ने गैस एजेंसी के खिलाफ पिंडवाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं प्रशासन ने नुकसान का आकलन कर राहत देने का आश्वासन दिया है।

