PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
सुमेरपुर मे सामुदायिक भवन का उपयोग बदलने को लेकर किया विरोध प्रदर्शन
लाईब्रेरी अन्यत्र स्थापित करने की मांग पर प्रशासन को दी आन्दोलनात्मक चेतावनी
तखतगढ 30 दिसम्बर (खीमाराम मेवाड) सुमेरपुर के आदर्श कॉलोनी के वाशिन्दों ने सामुदायिक भवन के उपयोग बदलने को लेकर प्रशासन के विरूद्ध प्रदर्शन किया, साथ ही लाईब्रेरी को अन्यत्र स्थापित करने की मांग रखते हुये आन्दोलनात्मक चेतावनी के साथ प्रशासन को ज्ञापन दिया।
सचिव अशोक कुमार ने बताया कि सवेरे कॉलोनी के अध्यक्ष सुरेश सिंघल के नेतृत्व में पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं के साथ प्रबुद्धजनां ने नगरपालिका कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। साथ ही आदर्श कॉलोनी समेत 5 कॉलोनियों के एकमात्र सामुदायिक भवन में लाईब्रेरी बनाने का विरोध दर्ज करवाया। जहां उपखण्ड अधिकारी कालुराम कुम्हार ने पहुंचे, जिस पर कॉलोनी के उमेश अग्रवाल ने उपखण्ड अधिकारी कुम्हार को मामले की जानकारी दी। साथ ही क्षेत्रीय विधायक जोराराम कुमावत से मोबाईल पर वार्ता की। जिस पर कुमावत ने एसडीएम को सामुदायिक भवन में लाईब्रेरी नहीं बनाने के लिये निर्देशित किया। इस दौरान कॉलोनी के वाशिन्दों ने उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्य रूकवाने की मांग रखी। कॉलोनी के मधुसुदन अग्रवाल ने कार्य नहीं रूकवाने पर नगरपालिका के विरूद्ध धरना प्रदर्शन करने का भी अल्टीमेटम प्रशासन को दिया। ज्ञापन में बताया गया कि सामुदायिक भवन गरीब परिवारों के शादी-ब्याह, मौत कार्यक्रम, होली-दीपावली स्नेहमिलनों, गरबा महोत्सवों, शोक सभाओं, सामुहिक भोजन कार्यक्रमों समेत धार्मिक आयोजन का एकमात्र केन्द्र है, जिस पर लाईब्रेरी का निर्माण कर गरीबों के हकों के साथ कुठाराघात किया जा रहा हैं। ज्ञातव्य है कि 24 दिसम्बर को कॉलोनीवासियों का एक प्रतिनिधि मण्डल उपखण्ड अधिकारी कालुराम कुम्हार से मिलकर लाईब्रेरी पर रोक लगाने की मांग रखी थी, उसके उपरांत भी प्रशासनिक अधिकारियों की शिथिलता के चलते कार्य जारी रहा, और कॉलोनी के दर्जनों वाशिन्दों को आन्दोलन के लिये मजबूर होना पडा। प्रदर्शन में सुरेश सिंघल, प्रकाश अग्रवाल, दीपक गोयल, महेन्द्र अग्रवाल, अशोक कुमार, मधुसुदन सिंघल, जगदीश अग्रवाल, महेश गुप्ता, उमेश अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, प्रवीण गोयल के साथ दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


