PALI SIROHI ONLINE
पाली जिला परिषद एवं पंचायत समितियों के वार्डों का प्रारूप प्रकाशन
पाली, 30 दिसम्बर। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग जयपुर के निर्देशानुसार जिला परिषद एवं पंचायत समितियों के वार्डों के पुनर्गठन, पुनर्सीमांकन व पुनर्निर्धारण के लिए जिला कलक्टर एलएन मंत्री को अधिकृत किया गया। जिसके तहत जिला परिषद पाली एवं जिले की 9 पंचायत समितियों में मंगलवार को वार्डों का प्रारूप प्रकाशन किया गया।
वार्डों के प्रारूप प्रकाशन के तहत पंचायत समिति रोहट के 19, पाली के 17, सोजत के 15, बगड़ी के 15, मारवाड़ जंक्शन के 27, देसूरी के 17, बाली के 31, रानी के 17 एवं सुमेरपुर के 21, कुल 179 पंचायत समिति वार्डों तथा जिला परिषद पाली के 33 वार्डों का प्रारूप प्रकाशन किया गया है।
प्रारूप प्रकाशन के संबंध में यदि किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति हो तो वह 6 जनवरी तक संबंधित उपखण्ड कार्यालय, संबंधित तहसील कार्यालय अथवा जिला कलक्टर कार्यालय, पाली में प्रस्तुत कर सकता है। साथ ही उपखण्ड स्तर पर संबंधित उपखण्ड अधिकारियों द्वारा ग्राम पंचायतों के वार्डों का भी मंगलवार को प्रारूप प्रकाशन किया गया है, जिन पर 6 जनवरी 2026 तक आपत्तियाँ आमंत्रित की गई।

