PALI SIROHI ONLINE
पाली अवैध खनन के विरुद्ध सघन अभियान के तहत हुई कार्यवाही
पाली, 29 दिसम्बर 2025। राज्य सरकार के निर्देशानुसार अरावली पर्वतमाला के पारिस्थितिकीय संरक्षण, उत्तरी रेगिस्तानीकरण की रोकथाम एवं जैव विविधता के संरक्षण को दृष्टिगत रखते हुए पाली जिले में अवैध खनन, निर्गमन एवं भंडारण के विरुद्ध विशेष सघन अभियान प्रारंभ किया गया है। जिला कलेक्टर एल.एन. मंत्री के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त जांच दल (SIT) द्वारा जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी एवं आकस्मिक जांच की जा रही है।
अभियान के प्रथम चरण में सोमवार को खनिज विभाग, सोजत के खनि अभियंता नरेन्द्र खटीक के नेतृत्व में चण्डावल, साण्डेराव एवं पाली के समीपवर्ती ग्रामों में कार्यवाही की गई। इस दौरान खनिज बजरी के अवैध निर्गमन के कुल 07 प्रकरण दर्ज किए गए। कार्यवाही के अंतर्गत 01 डम्पर एवं 06 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया गया, 01 एफआईआर दर्ज की गई तथा 1.27 लाख रुपये की जुर्माना राशि राजकोष में जमा करवाई गई।
राज्य सरकार के खान एवं पेट्रोलियम विभाग के आदेशानुसार यह विशेष अभियान 29 दिसम्बर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके लिए खान, वन, राजस्व, पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को सम्मिलित कर जिला एवं उपखण्ड स्तर पर विशेष दलों का गठन किया गया है। जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी दलों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
खनिज विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अतिरिक्त निदेशक खान जोधपुर के निर्देशन में उपखण्ड स्तरीय दल निरंतर सक्रिय हैं।
जिले में अवैध खनन गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा संलिप्त पाए जाने वाले वाहनों, मशीनों एवं व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोरतम कानूनी कार्यवाही जारी रहेगी।
कार्यवाही के दौरान वरिष्ठ भू-वैज्ञानिक चन्द्रप्रकाश दाधीच बाड़मेर तथा सहायक खनि अभियन्ता कार्यालय सतर्कता की खनि कार्यदेशक अर्पिता राणावत सहित विभागीय टीमें उपस्थित रहीं।

