PALI SIROHI ONLINE
राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा पाली में जनसुनवाई एवं संवाद कार्यक्रम मंगलवार को
पाली, 29 दिसम्बर। राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग (राजनैतिक प्रतिनिधित्व) आयोग के अध्यक्ष मदनलाल भाटी द्वारा मंगलवार को जिला कलक्टर सभागार पाली में दोपहर 2.30 बजे से सायं 4.30 बजे तक जनसुनवाई एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंगसिंह ने बताया कि राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग (राजनैतिक प्रतिनिधित्व) आयोग जयपुर द्वारा राज्य के स्थानीय निकायों के निर्वाचन में अन्य पिछड़ा वर्ग को दिये जाने वाले राजनैतिक आरक्षण के संबंध में अध्ययन के अंतर्गत आयोग द्वारा जिला मुख्यालयों पर जनसुनवाई एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित कर आमजन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, संस्थाओं एवं अन्य हितबद्ध व्यक्तियों से विचार-विमर्श किया जा रहा है, ताकि प्राप्त तथ्यों एवं सुझावों के आधार पर राज्य सरकार को अनुशंसाएं प्रस्तुत की जा सकें।
कार्यक्रम के दौरान अन्य पिछड़ा वर्ग के राजनैतिक आरक्षण से संबंधित विषयों पर चर्चा की जायेगी तथा इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा अपने सुझाव एवं अभ्यावेदन भी प्रस्तुत किये जा सकेंगे। जिला प्रशासन द्वारा आमजन, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संवाद कार्यक्रम में भाग लेने एवं अपने विचार साझा करने की अपील की गई है।

