PALI SIROHI ONLINE
पाली-पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में इलाज कराने आई एक महिला के हैंडबैग से 10 हजार रुपए नकद और सोने की एक बाली चोरी हो गई। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है। फुटेज में एक महिला हैंडबैग से पर्स चोरी करती साफ नजर आ रही है। पीड़ित परिवार ने हॉस्पिटल चौकी पर रिपोर्ट देने का आरोप लगाया है, लेकिन अब तक न तो रिपोर्ट दर्ज हुई और न ही आरोपी महिला का कोई सुराग लग पाया है।
CT स्कैन की लाइन में खड़ी थी महिला
पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन निवासी डूंगरसिंह ने बताया कि उनकी भाभी सोनिया कंवर (38) पत्नी उम्मेद सिंह को कमर और पेट दर्द की शिकायत थी। इसी कारण 26 दिसंबर को उन्हें पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। डॉक्टर द्वारा जांच के बाद कमर का CT स्कैन लिखने पर दोपहर करीब सवा 12 बजे सोनिया कंवर स्कैन करवाने के लिए लाइन में खड़ी थी।
आधार कार्ड दिखाते समय खुला रह गया बैग
डूंगरसिंह ने बताया कि CT स्कैन काउंटर पर आधार कार्ड मांगे जाने पर सोनिया कंवर ने अपना हैंडबैग खोला और आधार कार्ड दिखाया। जल्दबाजी में वह बैग की चेन वापस लगाना भूल गई। इसी दौरान पीछे खड़ी एक महिला ने मौके का फायदा उठाया।
पीछे खड़ी महिला ने उड़ाया पर्स
पीड़िता के अनुसार, पीछे खड़ी महिला ने उनके खुले हैंडबैग में हाथ डालकर पर्स निकाल लिया और मौके से फरार हो गई। पर्स में 10 हजार रुपए नकद और बच्चे के कान की सोने की एक बाली रखी हुई थी, जिसे बदलवाने के लिए वे अपने साथ लेकर आए थे।
चोरी का पता चलने पर पीड़ित परिवार ने हॉस्पिटल परिसर में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक महिला हैंडबैग से पर्स चोरी करते हुए साफ दिखाई दे रही है। आरोपी महिला के साथ एक बच्चा भी नजर आ रहा है।
रिपोर्ट दर्ज नहीं होने का आरोप
पीड़ित डूंगरसिंह का आरोप है कि उन्होंने घटना की जानकारी हॉस्पिटल चौकी में दी, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया है। इस घटना के बाद हॉस्पिटल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

