PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर में तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरा, जिससे उसका सिर फट गया और घटना स्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा जिले के बागपुरा-झाड़ोल मार्ग पर रविवार को हुआ।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, अगर मृतक ने हेलमेट पहना होता तो उसकी जान बच सकती थी। हादसे के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के तुरंत बाद कंटेनर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने कंटेनर जब्त किया, फरार चालक की तलाश जारी
बाघपुरा थानाधिकारी वेलाराम ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेजा है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय सिलास पिता खेमा डामोर निवासी मकदादेव, बाघपुरा के रूप में हुई है।
हादसे के चलते बागपुरा-झाड़ोल मार्ग पर करीब आधे घंटे ट्रैफिक जाम रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने कंटेनर को जब्त किया और ट्रैफिक व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस ने नाकाबंदी करते हुए फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

