PALI SIROHI ONLINE
बाली ब्लॉक दूसरा दशक परियोजना के तत्वाधान में खुडाला–फालना
10वीं स्टेट ओपन किशोरी शिक्षण शिविर में जैन युवा मंडल का प्रेरणादायी सहयोग
खुडाला–फालना मे संचालित 10वीं स्टेट ओपन किशोरी शिक्षण शिविर में आज दिनांक 28 दिसंबर, शाम 6 बजे एक सराहनीय और उत्साहवर्धक पहल देखने को मिली। श्री महावीर जैन युवा मंडल, लुणावा के प्रतिनिधि श्री हरेश भाई/गणेशमल जी, श्री मुकेश भाई/मांगीलाल जी एवं श्री हीरालाल जी/हिम्मतमल जी आकस्मिक रूप से शिविर में पधारे।
इस अवसर पर उन्होंने शिविर में अध्ययनरत प्रत्येक किशोरी को अपने हाथों से कंबल एवं टी-शर्ट भेंट कर उनका मनोबल बढ़ाया। भेंट वितरण के उपरांत किशोरियों के साथ परिचयात्मक संवाद आयोजित किया गया, जिसमें किशोरियों से उनके अब तक के शैक्षिक अनुभव, शिविर से मिली सीख तथा भविष्य के लक्ष्यों पर सार्थक चर्चा की गई। किशोरियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने विचार व्यक्त किए, जिससे उनके भीतर बढ़ती जागरूकता, आत्मबल और सीखने की लगन स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
श्री महावीर जैन युवा मंडल, लुणावा ने दूसरा दशक संस्था द्वारा किशोरियों के शैक्षिक, सामाजिक एवं व्यक्तित्व विकास हेतु किए जा रहे सतत प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उल्लेखनीय है कि जैन युवा मंडल विगत लगभग दो वर्षों से आवासीय किशोरी शिक्षण शिविर से निरंतर जुड़ा हुआ है और स्वेच्छा से समय-समय पर सहयोग प्रदान करता आ रहा है।
इस प्रेरणादायी कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रशिक्षण टीम सोहन भाटी, कमलेश वर्मा, हरिराम, रतन कुँवर एवं खुशबू का सराहनीय योगदान रहा।
यह पहल समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से किशोरियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध हो रही है।

