PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-एडवोकेट राघवेन्द्र सिंह की विधिवत खरीदी गई भूमि में कथित रूप से भू-माफियाओं के अवैध हस्तक्षेप और दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में बार एसोसिएशन भीनमाल के अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक जालोर को ज्ञापन सौंपकर उपखण्ड अधिकारी भीनमाल के माध्यम से कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि राघवेन्द्र सिंह ने मौजा भीनमाल-ए के खसरा नम्बर 5186 की भूमि रजिस्टर्ड सेल डीड के जरिए किशनपुरी और गुमानमल से खरीदी थी। भूमि पर उनका एवं उनके पिता गोपाल सिंह का कब्जा है और वहां चारदीवारी का निर्माण भी कराया गया है।
अधिवक्ताओं का आरोप है कि भूमि से सटी सरकारी जमीन पर नगरपालिका भीनमाल की तत्कालीन चेयरमैन रहते हुए विमला बोहरा द्वारा अपने रिश्तेदारों के नाम कथित रूप से फर्जी पट्टे जारी किए गए। रोडवेज डिपो प्रस्तावित होने के चलते फर्जी पट्टाधारक अधिवक्ता की भूमि को हड़पने की नीयत से दबाव बना रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि अधिवक्ता को गैरकानूनी रूप से बेदखल करने की धमकियां दी जा रही हैं और बार-बार पुलिस को भूखण्ड पर भेजकर परेशान किया जा रहा है। बार एसोसिएशन ने मांग की है कि पुलिस थाना भीनमाल के थानाधिकारी को निर्देश दिए जाएं कि अधिवक्ता को उनके मालिकाना भूखण्ड से बेदखल न किया जाए, भू-माफियाओं को अवैध प्रवेश से रोका जाए तथा फर्जी पट्टे जारी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
