PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-समस्त प्रजापति वेलफेयर संस्थान सुमेरपुर (पाली, जालोर-सिरोही) द्वारा समाज का स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन प्रजापति वाटिका में भीनमाल (जिला-जालोर) में शनिवार से शुरू हुआ। जिसका उद्देश्य समाज की एकता, संगठन और विकास को सशक्त बनाना है।
संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के पहले दिन शनिवार को प्रथम युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन का मुख्य लक्ष्य समाज के युवक-युवतियों को एक साझा मंच प्रदान कर आपसी परिचय, संवाद और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। वहीं रविवार को त्रि-जिलास्तरीय प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह एवं मोटिवेशन समारोह का आयोजन होगा।
मेधावी स्टूडेंट्स का होगा सम्मान
इस अवसर पर पाली, जालोर और सिरोही जिलों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। इस समारोह में प्रेरणादायी वक्ताओं द्वारा विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कृति और लक्ष्य निर्धारण के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। संस्थान ने समाज के सभी बंधुओं से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

