PALI SIROHI ONLINE
जालोर-जालोर में प्लॉट के विवाद में 5 गाड़ियों में आए बदमाशों ने एक ही परिवार पर हमला बोल दिया। सामने आए परिवार के सदस्यों पर गाड़ियां चढ़ाने का प्रयास किया। इस बीच विरोध जता रही बुजुर्ग महिला के ऊपर बदमाशों ने गाड़ी चढ़ा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
महिला की बेटी भंवरी देवी और भतीजा सदराम घायल हैं। भंवरी देवी के रीढ़ और सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
एडिशनल एसपी आवड़दान रतनू ने बताया- चितलवाना थाना क्षेत्र के सेसावा गांव में सरकारी स्कूल के सामने पंचायत की आबादी भूमि में प्लॉट है। इस प्लॉट को लेकर परिवार का आरोपी सनावराम जाट के साथ विवाद चल रहा था।
25 दिसंबर की देर रात करीब 11 बजे आरोपी 5 गाड़ियों में बदमाशों के साथ प्लॉट पर पहुंचा। वहां सो रहे लोगों पर हमला बोल दिया। इस दौरान 5 लोग गहरी नींद में सो रहे थे। तोड़फोड़ के दौरान जो भी बीच में आया, उस पर बदमाशों ने गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।
हमले में वाली देवी (60) पत्नी खींयाराम खींयाराम विश्नोई के पेट के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। वहां सो रही उसकी बेटी भंवरी देवी और भतीजा सदराम बीच में आए तो उन्हें भी मारने की कोशिश में टक्कर मार दी। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। वाली देवी के पति 4 साल से लकवा से पीड़ित हैं।
रास्ते में मारने का प्रयास
घटना के बाद वाली देवी का बेटा हरिराम गाड़ी से मैके पर पहुंच रहा था। तब आरोपियों ने सेसावा रोड बस स्टैंड के पास उसे कुचल कर मारने का प्रयास किया। हरिराम को मामूली चोटें आईं।
घायल वाली देवी को पहले धोरीमन्ना हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां से गंभीर हालत में सांचौर रेफर किया गया। सांचौर हॉस्पिटल में शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे दम तोड़ दिया। इस संबंध में वाली देवी (मृतक) के बेटे हरिराम ने चूनाराम पुत्र पेमाराम, नैनाराम पुत्र पेमाराम, देवाराम पुत्र पेमाराम जाट, नवलाराम पुत्र लाखाराम सहित अन्य लोगों पर मामला दर्ज करवाया है।
FSL टीम ने जुटाए सबूत
एडिशनल एसपी आवड़दान रतनू ने बताया कि चितलवाना थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है, जिसकी जांच स्वयं थानाधिकारी कर रहे हैं। एफएसएल (FSL) टीम जालोर के डॉक्टर जगदीश विश्नोई ने खून के धब्बों के सैंपल लिए और घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल आरोपी फरार हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पोस्टमॉर्टम के बाद बढ़ा आक्रोश
घटना की सूचना पर शुक्रवार सुबह ग्रामीण सांचौर हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी पर जुटे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। एएसपी के आश्वासन के बाद गांव वाले माने। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया गया।
दोनों पक्ष एक ही गांव के
जिस प्लॉट के विवाद में वाली देवी की हत्या हुई वहां उसके परिवार का लंबे समय से कब्जा है। पहले यह परिवार यहां झोपड़ी बनाकर काम करता था। परिवार ने 5 दिन पहले ही प्लॉट को सुरक्षित करने के लिए चारों ओर तारबंदी करवाई थी। परिवार के सदस्य यहां सोने लगे थे। दोनों पक्ष एक ही गांव के हैं

