PALI SIROHI ONLINE
जालोर-रानीवाड़ा क्षेत्र के बड़गांव में खेत पर सो रहे बुजुर्ग की हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि 15 व 16 दिसंबर की मध्य रात्रि को बड़गांव में एक खेत पर खेत में बने छपरे में बाबूराम अपने बेटे और बहू के साथ खाना खाकर आराम कर रहे थे।
तभी शराब के नशे में धुत तीन लोग वहां पहुंचे। अचानक गाली-गलौच और मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते हमला इतना हिंसक हो गया कि बुजुर्ग बाबूराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एफएसएल और एमओबी टीमों ने घटनास्थल से अहम सुराग जुटाए।
जांच में सामने आया कि यह मारपीट आपसी रंजिश के चलते हुई और शराब के नशे में आरोपियों ने तेज हमला किया, जिससे बुजुर्ग की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने घेराबंदी कर पारसाराम, धनाराम और धनाराम की पत्नी गीतादेवी को पकड़ा। पूछताछ में आरोप कबूलने पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, लाठी और चुन्नी भी बरामद की। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
