PALI SIROHI ONLINE
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने श्रीपुरम स्वर्ण मंदिर में किए दर्शन व विशेष पूजा
वेलूर (दलपतसिंह भायल)। श्रीपुरम स्थित श्री नारायणी पीठम परिसर के श्री लक्ष्मी नारायणी स्वर्ण मंदिर में बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देवी लक्ष्मी नारायणी के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। राष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे सैन्य हेलीकॉप्टर से श्रीपुरम पहुंचीं, जहां स्वामी शक्ति अम्मा के सान्निध्य में उन्होंने देवी लक्ष्मी नारायणी, वैभव स्वर्ण लक्ष्मी देवी एवं भगवान वेंकटेश्वर पेरूमाल की विधिवत पूजा की।
पूजा-अर्चना के उपरांत राष्ट्रपति ने महाप्रसाद ग्रहण किया तथा मंदिर परिसर में पौधारोपण भी किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से तिरुपति के लिए रवाना हो गईं।
राष्ट्रपति के वेलूर आगमन को लेकर पुलिस विभाग द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस अधीक्षक मायलवाघनम के नेतृत्व में पूरे क्षेत्र में एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। सुरक्षा कारणों से श्रद्धालुओं को सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।
श्रीपुरम पहुंचने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत जिला कलेक्टर सुब्बुलक्ष्मी तथा तमिलनाडु सरकार के कपड़ा एवं हथकरघा मंत्री आर. गांधी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इस अवसर पर तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि, केंद्रीय मंत्री मुरुगन, मेयर सुजाता आनंद कुमार, मंदिर अधिकारी सुरेश बाबु, प्रबंधक संपत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पूजा के पश्चात स्वामी शक्ति अम्मा ने राष्ट्रपति को प्रसाद प्रदान किया, इस दौरान राज्यपाल आर.एन. रवि भी साथ मौजूद थे।
