PALI SIROHI ONLINE
भीनमाल-भीनमाल के पूनासा निवासी राजल राठौड़ का 68वीं राष्ट्रीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। राजल इस प्रतियोगिता में राजस्थान राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी। राजल जालोर जिले की भीनमाल तहसील की पहली महिला निशानेबाज बनी हैं, जिन्होंने ये उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से पूनासा गांव का नाम रोशन हुआ है।
उदयपुर में ली ट्रेनिंग
राजल के माता-पिता दोनों सरकारी अध्यापक हैं। वो गांव में लगातार 38 वर्षों तक सरपंच रहे उत्तम सिंह की पौत्री हैं। राजल ने उदयपुर स्थित प्रिसिजन पीक शूटिंग रेंज में कोच विजय नायक से प्रशिक्षण लिया। उन्होंने मात्र 6 माह में ये सफलता प्राप्त की।
अप्रैल माह में उदयपुर में आयोजित निशानेबाजी समर कैंप के दौरान कोच विजय नायक ने राजल में विशेष प्रतिभा देखी। इसके बाद उन्होंने राजल को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए प्रोत्साहित किया।
इसके पश्चात राजल ने राज्य स्तर, जोनल स्तर और फिर राष्ट्रीय स्तर तक अपना चयन सुनिश्चित किया। राजल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच और परिवारजनों को दिया। उन्होंने जालोर क्षेत्र की बालिकाओं को निशानेबाजी खेल से जुड़ने का संदेश भी दिया।
