PALI SIROHI ONLINE
भटाणा (सिरोही)-कस्बे के समीपवर्ती पंचायत पादर के ढिबड़ी में सोमवार अल सुबह एक मां दो बच्चियों के साथ कुएं में कूद गईं। एक बच्ची का 6 दिन पहले जन्म हुआ था। दूसरी 3 साल की थी। मृतकों की पहचान जमना देवी (25) पत्नी केवाराम रेबारी, उसकी 3 वर्षीय बेटी अंजलि कुमारी व 6 दिन की दूसरी बेटी के रूप में हुई।
जमना की शादी गांव के केवाराम के साथ 2020 में हुई थी। उसका पीहर व ससुराल एक ही गांव में है। शादी के बाद से वह पति व ससुराल वालों के साथ गुजरात के ऊंझा में पशुपालन करती थी। दो माह पहले ही दूसरी डिलेवरी के लिए जमना गांव ढिबड़ी में अपने पीहर आई हुई थी। पीहर वालों ने सुबह 6 बजे बच्चों व जमना को बिस्तर पर नहीं देखा तो तलाशा। जंगल तरफ गए, जहां कुएं के बाहर उसकी शॉल दिखी।
कुएं में झांका तो एक बच्ची का शव दिखा। बाद में जमना का भी शव मिला। उसने 6 दिन की बच्ची शरीर पर बांध रखा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुएं से तीनो के शव निकाल मोर्चरी में रखवाए। पोस्टमार्टम कर शव परिजन के सुपुर्द किए। जमना की दूसरी डिलेवरी 2 दिसबंर को हुई थी। पति केवाराम ने बताया कि दोनों के बीच कभी वाद विवाद नहीं हुआ। जमना ने ऐसा गलत कदम क्यों उठाया, पता नहीं। जमना के पीहर वालों ने बताया कि जमना रात को सब ने साथ मिल खाना खाया और सब एक साथ सोए थे। फिर क्या हुआ पता नहीं।
