PALI SIROHI ONLINE
आबूरोड-आबूरोड शहर के किवरली स्थित भगवती रिसोर्ट में कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष लीलाराम गरासिया का पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में प्रदेश और जिले के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इनमें राज्यसभा सांसद नीरज डांगी, पूर्व विधायक संयम लोढ़ा, रेवदर विधायक मोतीराम कोली और जिला प्रभारी अंजना मेघवाल प्रमुख थे। पूर्व विधायक, पीसीसी सदस्य, पूर्व प्रधान, पूर्व जिला प्रमुख और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और नगर मंडल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष लीलाराम गरासिया का माला पहनाकर स्वागत किया।
समारोह के दौरान आगामी 14 दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित जनसभा पर भी चर्चा हुई। ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान को लेकर हुई इस बैठक में वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष लीलाराम गरासिया ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को साथ लेकर चलने और आगामी चुनावों में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक संयम लोढ़ा और राज्यसभा सांसद नीरज डांगी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसान यूरिया के लिए परेशान हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और लोग रोजमर्रा के कामों के लिए सरकारी कार्यालयों में भटक रहे हैं। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर प्रस्तावित रैली को सफल बनाने का आह्वान किया।
