PALI SIROHI ONLINE
सुमेरपुर-सुमेरपुर के श्रीराम गीता भवन में 30 नवंबर को श्री नामदेव छीपा समाज सेवा समिति 108 गांव निंबेश्वर धाम की ओर से छीपा समाज का दसवां सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर समाज के 15 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे।
यह दो दिवसीय कार्यक्रम समाज में फिजूलखर्ची रोकने और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। समिति अध्यक्ष प्रहलाद कुमार परिहार ने बताया कि समारोह का शुभारंभ 29 नवंबर को दोपहर में विनायक पूजन के साथ होगा। इसके उपरांत संत शिरोमणि नामदेव महाराज की छवि का अनावरण किया जाएगा और समाज की कार्यकारिणी बैठक संपन्न होगी
समारोह के दूसरे दिन 30 नवंबर को सुबह 6 बजे बारात का आगमन और स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सुबह 7:30 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। सुबह 8 बजे तोरण, सामेला और मिलनी की रस्में पूरी होंगी, जिसके बाद 8:30 बजे वरमाला का कार्यक्रम होगा। पाणिग्रहण संस्कार सुबह 10:30 बजे संपन्न कराया जाएगा।
पाणिग्रहण संस्कार के पश्चात स्नेहभोज, आशीर्वाद समारोह, सम्मान कार्यक्रम और विदाई की रस्में होंगी। समाज के पदाधिकारी इन तैयारियों को सुनिश्चित करने में सक्रिय रूप से जुटे हैं। समारोह में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, जसराज सोलंकी (सुमेरपुर), पुलिस महानिरीक्षक अनिल टांक, समाजसेवी जगदीशचंद्र परिहार, हितेंद्र परमार, जगतसिंह राणावत और मूलचंद गेहलोत सहित कई गणमान्य व्यक्ति अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समारोह की तैयारी समिति में संरक्षक मोहनलाल गेहलोत, अध्यक्ष प्रहलाद कुमार, सचिव मोतीलाल परमार, कोषाध्यक्ष चंपालाल सोलंकी, व्यवस्थापक रूपचंद गेहलोत, प्रचार मंत्री अरविंद परारिया, सह संरक्षक रिखबचंद परमार, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम गेहलोत, सह सचिव हस्तीमल छीपा, सह कोषाध्यक्ष देवीलाल नानीवाल, सह व्यवस्थापक पूरनचंद परमार और सह प्रचार मंत्री विजय चौहान सहित अन्य सदस्य महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
