PALI SIROHI ONLINE
जालोर-कृषि विज्ञान केंद्र केशवना में बुधवार को पीएम किसान सम्मान निधि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना की 21वीं किश्त डीबीटी के माध्यम से जारी की। जालोर जिले के 2,25,106 किसानों के बैंक खातों में 45.02 करोड़ रुपए हस्तांतरित हुए।
मुख्य अतिथि एवं विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने किसानों को किश्त मिलने पर बधाई दी और कहा कि केंद्र व राज्य सरकार किसानों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से अधिकतम सरकारी योजनाओं का लाभलेने एवं कृषि विज्ञान केंद्र से निरंतर जुड़े रहने का आह्वान किया।
बोले- किसानों को मिल रही मुफ्त बिजली
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर निशुल्क बिजली योजना से किसानों को मुफ्त बिजली मिल रही है, वहीं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से देश के 80 करोड़ लोगों को अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फसलों की बिक्री आसान हुई है और किसानों को उचित मूल्य मिल रहा है। र
कलेक्टर ने प्राकृतिक खेती पर जोर दिया
जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे ने किसानों को जैविक व प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर दिया। केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. दिलीप कुमार ने किसानों व कृषक महिलाओं को धन्यवाद देते हुए रबी फसलों व नए कृषि नवाचारों पर चर्चा की।
कार्यक्रम से पूर्व कृषकों को केंद्र की विभिन्न इकाइयों, कड़कनाथ मुर्गीपालन, बकरी पालन, नेपियर घास, एलोवेरा, वर्मी कम्पोस्ट आदि का अवलोकन करवाया गया।
इस अवसर पर शस्य वैज्ञानिक बिरम सिंह गुर्जर, उद्यान विशेषज्ञ डॉ. पवन पारीक, तकनीकी सहायक नाहर सिंह देवड़ा, सहायक निदेशक एच.बी. सेठी, पी. आर. ढाका, नारायण सिंह, सुनील वीरभान, सुभाष गर्ग सहित कई अधिकारी व 250 से अधिक महिला-पुरुष किसान उपस्थित रहे।
