PALI SIROHI ONLINE
खीमाराम मेवाडा
बालिका विद्यालय में भामाशाह धांधल परिवार ने कराया ‘ललिता देवी प्याऊ’ का शुभारंभ
विद्यालय व राहगीरों के लिए शुद्ध शीतल जल की उत्कृष्ट व्यवस्था
तखतगढ 18 नवम्बर (खीमाराम मेवाडा) आहोर उपखंड के पादरली कस्बे के राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को भामाशाह धांधल परिवार द्वारा निर्मित ‘ललिता देवी प्याऊ’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। लगभग 3.50 लाख रुपये की लागत से तैयार इस आधुनिक जल मंदिर को विद्यालय परिवार को समर्पित किया गया।विद्यालय में पेयजल के अभाव की समस्या की जानकारी प्रेरक के रुप में प्रधानाध्यापक धोलाराम यादव द्वारा पादरली निवासी भामाशाह कांतिलाल पुत्र शेषमल सोनी (धांधल परिवार) को दी गई थी। इस पर संवेदनशीलता दिखाते हुए परिवार ने शीतल आरओ प्लांट सहित प्याऊ का निर्माण करवाया। यह व्यवस्था न केवल विद्यालय के विद्यार्थियों को, बल्कि बाहरी राहगीरों को भी शुद्ध व शीतल जल उपलब्ध कराएगी।उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित, भामाशाह कांतिलाल, ललिता देवी, दिलीप कुमार, जया, स्वाति, विकास,याशी, दर्शित,प्रियल, सहित परिजन उपस्थित रहे। मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन, अतिथियों का माला व साफा पहनाकर स्वागत तथा पंडित राजेश ओझा द्वारा मंत्रोच्चार के बीच लाल रिबन काटकर प्याऊ का शुभारंभ किया गया।
इस मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को गुड़ व लड्डू का वितरण किया गया।कार्यक्रम के दौरान विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर कई मुद्दों पर तत्काल समाधान भी किया। साथ ही उन्होंने पादरली पीएचसी को सीएचसी में क्रमोन्नत करने तथा नवीन भवन निर्माण के लिए बजट जारी करने की घोषणा कर ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी।इस अवसर पर किसान नेता ईश्वरसिंह थुम्बा ने वर्तमान सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामवासियों ने भामाशाह परिवार व विधायक का धन्यवाद ज्ञापित किया।कार्यक्रम में भामाशाह परिवार के सदस्य कांतिलाल, दिलीप कुमार, चन्द्रेशकुमार स्वर्णकार संस्थान के अध्यक्ष मोहनलाल राठौड़ तखतगढ़ स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष ,हितेशकुमार साकरिया एवं ईश्वरसिंह थुम्बा किसान नेता भाजपा,माधुसिंह नारवणा, लाखाराम देवासी चांदराई मंडल अध्यक्ष भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, विद्यालय परिवार तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ताराचंद गेहलोत व दिलीप सोनी ने किया।
