PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक दोस्त द्वारा दूसरे दोस्त की गोली मारकर हत्या करने के मामले में परिजन और रिश्तेदारों ने इसे एक साजिश के तहत हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मृतक के पिता उदयसिंह का कहना है कि मेरे बेटे प्रताप सिंह देवड़ा को उसके दोस्त जिगर जोशी ने सोची समझी साजिश के तहत गोली मारी है।
उन्होंने सवाल उठाया कि पिस्टल से गोली अनजाने में कैसे चल सकती है। अगर मजाक करना होता तो आमने-सामने होता। उसने बेटे पर पीछे से पीठ में गोली मारी। आरोपी अवैध पिस्टल साथ इसलिए लाया था क्योंकि उसे यूज करनी थी। पिता बोले-मामले में पुलिस गहराई से जांच करे और आरोपी को कड़ी सजा दिलाए।
घटना के खिलाफ विरोध, मांग पर बनी सहमति
सोमवार दोपहर को मृतक का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इससे पहले बड़ी संख्या में मृतक के परिजन, रिश्तेदार और करणी सेना से जुड़े लोग एमबी हॉस्पिटल मोर्चरी में एकत्रित हो गए। उन्होंने घटना के खिलाफ विरोध जताते हुए आरोपी को कड़ी सजा और मृतक परिवार को मुआवजे की मांग उठाई। इसके बाद जिला प्रशासन और समाज प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। इसमें मृतक की पत्नी को संविदा पर नौकरी देने और मुआवजा देने की मांग पर सहमति बनी।आरोपी ने दो फायर किए, पुलिस गहराई से जांच करे: पूर्व
सरपंच
पूर्व सरपंच महेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि दोस्त गोली कैसे मार सकता है। कोई न कोई पुरानी रंजिश हो सकती है। उसने दो फायर किए। एक साइड में लगा और एक मृतक की पीठ में लगा। इतने दिन से वह अवैध पिस्टल लेकर क्यों घूम रहा था। पुलिस को इस मामले की गहराई से जांच करनी चाहिए। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने भी घटना को साजिश करार देते हुए कहा यह एक सोची-समझी साजिश लगती है। पुलिस को इसकी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
मृतक ने दोस्त को कुएं से मोटर निकलवाने बुलाया था लॉ स्टूडेंट जिगर जोशी उर्फ नीरज और प्रताप सिंह देवड़ा बचपन के दोस्त हैं। सेरावतों का वाड़ा निवासी प्रताप सिंह देवड़ा का देबारी में खेत है। शनिवार शाम करीब 5 बजे खेत के कुएं में मोटर फंस गई थी। प्रताप ने इसे निकालने के लिए मौसेरे भाई राजेन्द्र और दोस्त जिगर को बुलाया था। जिगर के पास मौजूद पिस्टल की जानकारी राजेंद्र को नहीं थी। इसके बाद जिगर ने पिस्टल दिखाकर प्रताप को डराया और बार-बार गोली मारने जैसी हरकत करने लगा। प्रताप और राजेंद्र ने रोकने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना। तभी गोली प्रताप की पीठ में लगी। गंभीर घायल प्रताप को दोस्त ही निजी हॉस्पिटल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
