PALI SIROHI ONLINE
उदयपुर-उदयपुर की झाड़ोल थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की को किडनैप कर रेप करने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी फैलीराम ने बताया- आरोपी खुमाण लाल गायरी उर्फ भगवती लाल पिता भज्जा गायरी निवासी खमनोर राजसमंद को गिरफ्तार किया है।
आरोपी मजदूरी करता है। इससे पहले इस मामले में पुलिस आरोपी मांगीलाल गायरी, गणेशलाल गायरी को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में सहयोग करने वाले अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
लड़की को घर से अगवा कर ले गया था
थानाधिकारी ने बताया कि परिजनों ने 2 जून 2025 को थाने में रिपोर्ट दी थी। इसमें बताया कि उनके रिश्तेदारी में किसी का निधन होने के कारण वे अंतिम संस्कार में गए हुए थे। पीछे से घर पर बच्चों को छोड़ गए थे। तभी आरोपी रामलाल गायरी आया और नाबालिग बेटी को डरा-धमकाकर साथ ले गया। वापस घर आकर देखा तो बेटी गायब मिली।
आस-पड़ोस से जानकारी लेने पर पता लगा कि रामलाल बेटी को अगवा कर ले गया। उसने मांगीलाल गायरी के साथ बेटी को कहीं गायब कर दिया। बाद में उसके साथ रेप किया गया। इधर, पुलिस ने इस मामले में तीन से चार आरोपियों को नामजद करते हुए कार्रवाई शुरू की। इसमें तीसरे आरोपी खुमाणलाल को गिरफ्तार कर लिया।
