PALI SIROHI ONLINE
जसवंतपुरा-जसवंतपुरा-रेवदर सड़क मार्ग पर शनिवार शाम थार गाड़ी में भीषण आग लग गई। आग बोनट से शुरू हुई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे गाड़ी जलकर पूरी तरह खाक हो गई। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से बाहर निकल गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
यह घटना शाम करीब 6 बजे रेवदर की ओर से आ रही थार गाड़ी के वाटर वर्क पंप के पास हुई। बोनट में अचानक आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैलीं। चालक की सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना अधिकारी गुमान सिंह भाटी और तहसीलदार नीरज कुमारी मौके पर पहुंचे। थाना अधिकारी ने तुरंत विद्युत विभाग को सूचित कर इलाके की बिजली आपूर्ति कटवाई। घटनास्थल से महज 20 फीट की दूरी पर भीड़भाड़ वाला इलाका होने के कारण प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल पानी का टैंकर मंगवाकर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आग पर काबू पाने तक गाड़ी पूरी तरह जलकर कबाड़ में बदल चुकी थी। आग इतनी भीषण थी कि इसकी रोशनी जसवंतपुरा में 50 मिनट तक दिखाई देती रही। इस दौरान जसवंतपुरा-रेवदर सड़क मार्ग पर लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
